top of page

नगर पालिका की लापरवाही उजागर, बोले मलखान सिंह भदौरिया – स्वच्छता का बोर्ड लगाकर शहर साफ नहीं होगा”

  • Sep 16, 2025
  • 1 min read

कांग्रेस नेता और पूर्व प्रदेश महासचिव मध्यप्रदेश किसान कांग्रेस मलखान सिंह भदौरिया ने भिंड नगर पालिका के उस पार्क की वास्तविक स्थिति पर सवाल खड़े किए हैं, जहां तत्कालीन कलेक्टर इलैया राजा टी के कार्यकाल में विकास कार्य कराया गया था। भदौरिया ने कहा कि आज देखरेख के अभाव में यही पार्क कचरे और गंदगी का मुख्य केंद्र बन चुका है। नगर पालिका कार्यालय के गेट पर लगा स्वच्छता मिशन का बोर्ड भले ही सफाई का संदेश देता हो लेकिन जब हकीकत जानने पार्क के अंदर प्रवेश करते हैं तो वहां फैला कचरा, टूटी बेंचें और खराब साफ-सफाई के हालात प्रशासन की लापरवाही उजागर करते हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि लाखों रुपये खर्च कर इस पार्क का निर्माण और सौंदर्यीकरण तो कर दिया गया लेकिन रखरखाव की जिम्मेदारी नगर पालिका ने कभी गंभीरता से नहीं निभाई। परिणामस्वरूप यह पार्क आज अव्यवस्था और गंदगी का अड्डा बन गया है। जहां बच्चों को खेलने और बुजुर्गों को सैर करने की सुविधा मिलनी चाहिए थी वहां अब कचरे के ढेर और बदबू लोगों को परेशान कर रहे हैं।

भदौरिया ने कहा कि जनप्रतिनिधि और नगर पालिका अधिकारी कागजों पर स्वच्छता मिशन की सफलता का दावा करते हैं लेकिन जमीनी सच्चाई यह है कि स्वच्छता का बोर्ड लगाने से शहर साफ नहीं होगा। नगर पालिका की लापरवाही ने जनता को एक बेहतर पार्क की सुविधा से वंचित कर दिया है और स्वच्छता मिशन की असली हकीकत खुद इस पार्क की दुर्दशा बयां कर रही है।

 
 
 

Comments


bottom of page